Wednesday, 22 February 2012

श्री हरीशचंद्र भार्गव जी...........


दोस्तों, आज आपकी मुलाक़ात कराता हूँ शिवपुरी की माटी के कवि और ज्योतिष रत्न श्री हरीशचंद्र भार्गव जी से| ये शायद एक ज्योतिषी का गुण ही है जिसके कारण आप को  भार्गव जी के गीतों में दूरदर्शिता नज़र आयेगी| भार्गव जी का जन्म ०२ सितम्बर १९४१ को हुआ, एम.ए.(हिन्दी), बी. एड. व ज्योतिष रत्न करने के बाद भार्गव जी साहित्य तथा ज्योतिष साधना में लगातार संलग्न है| विभिन्न पत्र पत्रिकाओं में आप के लेख प्रकाशित होते रहते है| भार्गव जी वैसे तो सेवा निवृत्त व्याख्याता है पर अब भी वे निर्धन छात्रों को अध्ययन में सहयोग करते है| भार्गव जी भारतीय ज्योतिष संगठन से ज्योतिष रत्न और ज्योतिष भूषण की उपाधि, तथा म.प्र. लेखकसंघ से आंचलिक साहित्यकार सम्मान (२००२) और लायन्स क्लब से आदर्श शिक्षक सम्मान प्राप्त कर चुके है| आपकी दो कृतियाँ ‘गीत सुधा‘ और ‘सुधियों के जाल में’ प्रकाशनाधीन है |
तो दोस्तों भार्गव जी की कुछ रचनायें प्रस्तुत कर रहा हूँ , आप भी पढ़िए और बताईये कैसी है .....  

१.       द्वार द्वार तक दस्तक दी है......
द्वार द्वार तक दस्तक दी है, हर दरवाजा बन्द मिला है|
अनुभव की दीवार ढही है,
आस्थावान कंगूरे झुक गये|
विचारवान गुंजो वाले,
कक्ष धुल धूसरित हो गये|
तुम तो नारों की कहते हो, खंड खंड हो गया किला है||

जाने कैसी हवा चली है,
मन पंछी बौराया सा है|
चारों और भटकते बादल,
जाने इनका क्या खोया है|
तुम सूरज की बात कर रहे, तारा एक नहीं निकला है||

कैसा ज्वार उठा अंतर में,
कैसा ये तूफ़ान उठा है|
साहस की पतवार खो गई,
माझी ताकता लुटा-लुटा है
तुम नदिया की बात कर रहे, सागर तक ने विश उगला है||

जिसको अपनी धरती समझा,
बह सपनों का देश हो गया |
क्यों बैठे बिठलाये इनको,
अपनों से विद्वष हो गया|
आब तो सब कुछ समझ चूका हूँ, आज किसी से नहीं गिला है||


२.      मैनें जितने गीत लिखे है .......
मैनें जितने गीत लिखे है, उनमें मेरा एक नहीं है,
जितनी पंक्ति है सब मेरी, उनमें भाव तुम्हारें ही है||

मैं अलमस्त गवैया, लेकिन मेरी अपनी तान नहीं है|
मैं सड़को पर गाता फिरता, मेरी कोई शान नहीं है||

दुनिया के मेले में जो भी, बाजी जीती या हारी,
उसमे यत्न नहीं है मेरा, वे सब दाव तुम्हारे ही है||

मेरे सीने में व्यथा तुम्हारी, दिल में जितने भी छाले है|
पीर बटाने हेतु तुम्हारी, हँसते हँसते ही पालें है||

  मेरे गीतों की नदियों में, बहता दर्द नहीं है मेरा,
बहती जहाँ फुटकर पीड़ा, वे सब घाव तुम्हारे ही है||

लोग बढ़ावा देते मुझको, मै तो एक निमित्त मात्र हूँ|
इतना यश सहेज कर रख लूँ, ऐसा नहीं सुयोग्य पात्र हूँ||

इस नादान उम्र ने खुशियाँ और ग़म जितने पाले हैं,
मेरी रूचि नहीं है उनमे, वे सब छाव तुम्हारें ही है||

Saturday, 4 February 2012

डॉ लखन लाल खरे....


दोस्तों, नमस्ते, इस बार आपकी मुलाकात करा रहा हूँ डॉ लखन लाल खरे जी से | श्री खरे जी शिवपुरी के पास कोलारस तहसील में रहते है पहले एम.ए.फिर पी.एच.डी और पी.एच.डी के बाद शासकीय एस.एम.एस. महाविद्यालय हिंदी के प्रोफ़ेसर है | आप ‘दलित बसंत’ के संपादक है और ५० से ज्यादा शोध पत्रों का प्रकाशन कर चुके है | शिवपुरी आंचल के सभी समाचर पत्रों के साहित्यक पृष्ठ आपकी रचनाओं के बिना आधुरे से लगते है| आपका लघु शोध प्रबन्ध “सामाजिक समरसता में मुसलमान हिंदी कवियों का योगदान” एक चर्चित शोध रहा है | ग़ज़ल, गीत या कविता आपकी लेखनी हर विधा में समान ही चलती है| तो दोस्तों प्रस्तुत है डॉ लखन लाल खरे जी की रचनाएं, आप खुद ही अवलोकन करें ---

१. रातरानी ....
रातरानी रात भर महका करेगी,
रात की हर शै उसे सजदा करेगी|

खुश्बुओं की सादगी को अब सताने,
भुत-सी बागड नहीं मटका करेगी|

स्वपन उलझेंगे न टूटे पात जैसे,
नींद पलकों में नहीं अटका करेगी|

चूक गई चिंताओं की किस्तें पुरानी
उम्र खातों में न अब भटका करेगी|

तन-बदन अपना शिकायत से बना है,
जिन्दगी फिर क्या गिले-शिकवा करेगी?

नागाधारी से मिला वरदान जब, तो
शाप की नागीन हमारा क्या करेगी|


२. बैकुण्ठ की बैसाखियों पर ......
जानते थे जिन्हें जिंदा सभी वे तो मरे थे,
जिन्दगी को ढूंढते श्मशान में कुछ सिरफिरे थे|

स्वाद खा-खाकर अपच गमलों-गुलाबों को हुआ है
लग उन्हें तोहमत गयी, जिनने जरा डंठल छुआ है|
पीलिया वंशानुगत था जन्म से, जिसकी जड़ो को
मौत उनकी जब हुई, वे सिर्फ पानी से भरे थे

भुत-प्रेतों में फक़त इस बात पर दंगा हुआ है-
बेचता था जो कफ़न वह आज क्यों नंगा हुआ है ?
कर लिया जिसने अरे तारामती की लाज से
आ न वह हरिचन्द्र जाये-डोम मरघट के डरें थे

प्रश्न पूछा था पिघलती मोम-सा उसने पिता से,
साथ क्या सम्बन्ध है गुमनाम चूल्हे का चिता से ?
लाया लपटों के सवालों पर कहीं माँ जल मरी थी;
पर मिले उत्तर सभी जो, वे बेचारे अधमरे थे |

रात-दिन पानी जिन्हें देते रहे, मुरझा गये वे,
जो दिया उनकी जड़ो को, प्रेम से सब खा गये वे
चेतना का एक भी अंकुर न उनमें फूट पाया-
जो पहाड़ों पर उगे थे, पेड़ वों सारे हरे थे |

जो सफ़र करने चले बैकुण्ठ की बैसाखियों पर
खिल – खिलकर वे हँसे अधपेट नंगे पापियों पर
देवदूतों के विमानों में उन्हें जी भर तलाशा,
वे नरक ले द्वार पर बिन साल-संवत् के धरे थे ||    

Tuesday, 3 January 2012

श्री के.एल.सक्सैना‘आदित्य’


दोस्तों, पहले तो साहित्य शिवपुरी और शिवपुरी के सभी बाशिंदों की और से आप सब को नए बर्ष की शुभकामनाये | इस साल बस कुछ ऐसा हो की हम सब खुश रहे, और जिन्दगी के करीब रहे | मित्रों अब हम आते है मुद्दे पर, आप का परिचय अभी तक शिवपुरी के ग़ज़लकारों , गीतकारों और कवियों से होता रहा है पर आज आप को एक कहानीकार से मिलाता हूँ |मित्रों आज के हमारे साहित्यकार है श्री के.एल.सक्सैना जी ‘आदित्य’| मध्य प्रदेश विधुत मंडल में कार्यरत श्री सक्सैना जी ग़ज़लें, कविताएं, कहानियां सब कुछ लिखते है | आदित्य जी जितने अच्छे संचालक है उतने ही अच्छे लेखक| आप नियमित रूप से पत्र-पत्रिकायों में लिखते रहते है | शिवपुरी आकाशवाणी केन्द्र के अधिकतर कार्यक्रम आपके बिना अधूरे से लगते है | दोस्तों, आदित्य जी सामाजिक और धार्मिक गतविधियों में हमेशा ही वयस्त रहते है| अक्षयनिधि नाम से आपका एक संकलन अभी प्रकाशाधीन है |

तो दोस्तों आज पेश है आदित्य जी की कहानी- बशीर मियां का तांगा
तांगे और भी थे उन दिनों, लेकिन बशीर  मियां के तांगे की बात ही निराली थी, ठीक इसी तरह उन दिनों तांगे वाले तो और भी थे, मगर बशीर  मियां, बशीर  मियां थे । जि़ंदगी जीने का उनका अपना अंदाज़ था । पैरों में देखिए तो जनाब गोटे के कामवाली, आगे से मुड़ी हुयी राजस्थानी जूतियां, बदन पर ढीला सफेद कुर्ता, लेकिन कुर्ते के साथ किसी तरह का पायज़ामा नहीं, बल्कि तहमद पहनते थे । तहमत के बारे में वे बताते थे कि अब्बाजान भी तहमत ही पहनते थे सो उनकी आदत में भी वही आ गया था । एकदो बार पायज़ामा पहना भी, लेकिन नाड़ावाड़ा बांधने वाला मामला उन्हें कुछ जमा नहीं । बनियान कभी बदन से छुआई नहीं, कुर्ते के बटन कभी लगाये नहीं । चैड़ी छाती पर रीछ जैसे बाल , भरी हुयी दाढ़ी छोटी घनी मूछें , मज़बूत दांत और मसूढ़े , मुंह में चलता हुआ पान, गोल चेहरा, बड़ी-बड़ी काली चमकदार आंखें, कसरती  बदन औसत क़द, रंग गेहुआं । सिर पर गोल जालीदार सफेद टोपी । नंगे सिर कभी नहीं रहे बशीर  मियां । चालचलन ऐसा कि हर घर के लिये भाई या बेटे जैसे ।  बच्चों जैसी मासूमियत के कारण सबके लाड़ले । आवाज़ में एक प्रफुल्लता और खास तरह की खनक ।
         बातों में किसी तरह का घुमाव या पेंच नहीं, सीधी बात और दिल की बात । ज़बान से किसी के लिये कभी ग़लत लफ़्ज़ का सवाल ही नहीं । वर्तमान को पूरी ईमानदारी के साथ जीते थे बशीर मियां, इसीलिये एक शानदार अतीत उनके पास धरोहर के रूप में रहता था । भविष्य को कुछ मानते नहीं थे । कहते थे कि जीना है तो हाल को जियो, जो माज़ी गुज़र गया उसका क्या ! और मुस्तक़बिल का मालिक तो अल्लाह है, इंसान के हाथों में है ही क्या ? अपनी बात कहकर ज़ोरदार ठहाका लगाते थे बशीर  मियां । अंधेरे में उजाला सा कर देने वाली उनकी  हंसी को देखकर किसी के भी हृदय में उनके प्रति वात्सल्यभाव उमड़ सकता था । बुजुर्ग लोग पैसा चुकता करते समय अक्सर उनके गाल पर हल्की सी चपत लगा दिया करते थे जिसे बशीर  मियां आषीर्वाद के रूप में लेते हुए एक अहोभाव के साथ सिर झुका दिया करते थे ।
     किसी के यहां शादी है बशीर  मियां का तांगा बुलाया जाएगा । जच्चा को अस्पताल लेकर पहुंचना है, बशीर  मियां का तांगा लेकर पहुंचेगा, टेशन से मेहमानों को लेकर आना है बशीर  मियां का तांगा लाएगा, छोटे-बड़े उत्सव हों, सुख का दुख का समय हो बशीर  मियां का तांगा भी बराबर का भगीदार होगा ही ।
       तांगे को बड़ी मेहनत के साथ संवारकर रखते थे बशीर मियां । बड़े-बड़े दोनों पहियों पर सफेद पालिश और हरे पीले रंग के खूबसूरत बेलबूटे, तांगा अंदर से गुलाबी रंग से और बाहर से हल्के पीले रंग से पेंट किया हुआ जो बहुत आकर्शक लगता था । सवारियों को बैठने के लिये आरामदायक साफसुथरी गद्दियां, धूप पानी से बचाव के लिये मिलिट्री कलर के तिरपाल का छाता । इसके साथ ही । आगे दाएं हाथ की तरफ तार से कसी हुयी लोहे की फ्रेम वाली चिमनी हुआ करती थी जो रात के वक्त बाकायदा राह को रोशन करती थी । चिमनी के ठीक नीचे एक लकड़ी का खोखा था जिसमें रेडियो रखा जाता था । एक चमड़े की बेल्ट खोखे के ऊपर इस प्रकार बांधी जाती थी कि रेडियो हिलडुल न सके ।
       शहर के लोगों ने एक बात बड़ी प्रमुखता से बशीर  मियां में ये देखी थी कि जब रेडियो पर गाने आ रहे होते थे तो वे आवाज़ कम कर देते थे और जब समाचार या कोई विषेश जानकारी प्रसारित हो रही होती थी तो आवाज़ बढ़ा देते थे । इस बारे में किसी ने पूछा था तो बशीर  मियां ने जवाब दिया था- ”बुरा मत मानना भाईजान, मौसीक़ी जो है, वो रूह की चीज़ है, उसे धीमे सुनोगे तो रस मिलेगा और समाचार या ख़ास मअ़लूमात हम इसलिये तेज़ आवाज़ में सुनते हैं क्योंकि हम उसे याद कर लेना चाहते हैं“ रेडियो की तअ़रीफ़ में बशीर  मियां अक्सर कहते थे -”देखो भाईजान, रेडियो से जो है वो, अंधा भी फ़ाइदा उठा सकता है, रेडियो तो पारस है, देखो न हम जैसे ज़ंग लगे लोहे को भी सोना किसने किया ? इसी रेडियो ने । पूछो हमसे, हम बताएंगे दिल्ली की सरकार क्या करने जा रही है और अपने प्रदेस की राजधानी में क्या चल रहा है?  और तो और हमसे ये भी पूछ लो कि हवा कैसे चलती है, बादल कैसे बनते हैं, कुदरत की हिफ़ाज़त क्यों करनी चाहिए, किस चीज़ के साथ कैसा सुलूक करना चाहिए “ कहते-कहते गंभीर हो जाते थे बशीर  मियां और फिर अपनी चिंता व्यक्त करते- ”देखो भाईजान ये जो पढ़े लिखे इंसान हैं न, बातें अच्छी करते हैं, मगर बुरा मत मानना, ये काम बुरे करते हैं । अब देखो न, ये जो नई टैक्नोलोजी वगै़रह क्या है, इसने हवा में ज़हर घोलके रख दिया है । एक बात और बता दें भाईजान, जिस ज़मीन पर खेती हो सकती है, उस ज़मीन पर भूलके भी कालेज, कारखाने, मकान, दुकान वग़ैरह तामीर नहीं कराना चाहिए ।  मगर आने वाली नस्लों की फिक्र किसको है !“ स्पश्ट रूप से कहा जा सकता है कि बशीर  मियां को समाज व देष से भी पूरा-पूरा सरोकार था ।
                 तांगे में आगे की तरफ़ एक पीकदान रखते थे बशीर मियां । जब थूका पीकदान में ही थूका । किसी ने एक बार छेड़ दिया- ” क्या बशीर  मियां, ये पीकदान वीकदान लिये रहते हो, दुनिया सड़क पर थूकती है, आपको थूकने में दिक्कत आती है क्या !“ सुनकर बशीर मियां मुस्कुराए झट से पीकदान में पीका और बोले- ”बुरा मत मानना भाईजान! इंसान वो है जो चलते वक्त राहगीरों का भी ख़याल करे और राह का भी “। उनकी हर बात इतनी गहरी और अर्थपूर्ण होती थी कि सुनने वाले दंग रह जाते थे ।
  बेशक! बशीर मियां लाजवाब थे, उनका तांगा लाजवाब था, लेकिन उनका चेतक यानी तांगे का घोड़ा भी कम नहीं था। लंबा, ऊंचा काबुली नस्ल का कत्थई घोड़ा । बशीर  मियां अपने घोड़े की खूब मालिश करते थे । चना, दलिया, हरी घास और घर का पका हुआ खाना अपने हाथों से लाड़ कर करके खिलाते थे सो चेतक एकदम चमक उठा था । कहते थे चेतक मेरा छोटा भाई है । पहले चेतक का नाम षेरा था । फिर चेतक कैसे पड़ा ? यह पूछने पर बड़ी मस्ती में मुस्कुराते हुए बोले-- ”भाईजान क्या हुआ कि एक बार स्कूल के प्यारे-प्यारे बच्चे तांगे में बैठे थे, अल्ला उन्हें खुश रखे । वो बच्चे, एक कविता -महाराणा प्रताप का चेतक-- गा गा कर पढ़ रहे थे - अरे ! हम क्या बताएं भाईजान । चेतक के ऐसे ऐसे गुन सुने कि बस ! चेतक नाम पर ही तबीअ़त आ गयी और हमने अपने इस भाई से कह दिया कि ऐ शेरा, आज से तेरा नाम चेतक ! और सुनिये भाईजान शेरा भी खुशी में ऐसे हिनहिनाया जैसे चेतक नाम पर वह भी फिदा हो गया हो“ - ठहाका लगाते हुए बशीर  मियां बोले-  ”बस तब से ही हमारा ये लख्तेजिगर छोटा भाई,  शेरा से चेतक हो गया “।
    तांगा चलता था तो बशीर मियां - ”ओ अम्मा तांगा आ रहा है“ ”ओ बेटा एक तरफ को हो जा “ ”थोड़ा हटना बाबा“ इस तरह के मीठे संबोधनों से राह साफ करते चलते , सवारियों से बातचीत भी जारी रखते और चेतक को भी बीच बीच में पुचकार लेते थे । शहर की लगभग हर बस्ती से उनका तांगा गुज़रता था । बस्तियों में भी ”रामराम पंडित जी , सलाम चच्चा , बड़े भैया सब ठीक है न, खाला अब बुखार में तो आराम है न , सतश्री अकाल बेबे, मजे में हो कक्का “ बशीर  मियां की बोली हवा में प्रेमरस घोलती, बस्ती की ख़ैर ख़बर लेती हुयी ये आवाज चेहरों पर ताज़गी ले आती थी । लगता था किसी बस्ती तक ये आवाज़ न पहुंची तो  बस्ती उदास हो जाएगी । और सचमुच एक दिन कुछ बस्तियों तक ये प्यार भरी आवाज़ नहीं, घरर घरर का शोर करते आटो रिक्शा  पहुंचे । अंदर-बाहर से काले रंग वाले आटो रिक्शा बशीर  मियां ने भी देखे । क्या ग़ज़ब इंसान थे बशीर  मियां कि आटो रिक्शा देखकर उनकी आंखों में कहीं हैरत का निशान नहीं था, लेकिन रूहानी तौर पर उन्होंने महसूस किया कि चेतक के दिल को कहीं ठेस पहुंची है फ़ौरन उन्होंने चेतक की पीठ को धीरे से स्पर्श किया और पिता की तरह मुहब्बत करने वाले बडे भाई के लहज़े में बशीर मियां के होठों से ये शब्द निकले --”चेतक मेरे भाई फि़क्र मत करना । ये तो वक्त है । रेडियो तू भी सुनता है, मैं भी सुनता हूं । तू सब समझता है मैं भी सब जानता हूं । देख मेरे भाई, तुझसे ये बशीर मियां का वादा है कि दुनिया के लोग चाहे जितना प्यार दौलत और मशीनों से कर लें, ये बशीर  मियां कभी तुझे अपने से जुदा नहीं होने देगा।“ बशीर  मियां ने देखा एक हुमक एक, ताज़गी चेतक की चाल में आ गयी थी ।शहर में आटो रिक्शाबढ़ते जा रहे थे , बशीर  मियां का तांगा कम चल रहा था, लेकिन उनकी प्रसन्नता में कमी नहीं आयी थी । वही खनकदार आवाज़ वही आंखों की चमक, वही पान पर पान । किसी ने सहानुभूति के स्वर में कहा था- ”तांगा कम चल रहा है बशीर  मियां, अब ये पानवान छोड़ो “ बशीर  मियां ने अपने चिरपरिचित अंदाज़ में ही जवाब दिया था-” पहले तो आपका बहुत-बहुत शुक्रिया, लेकिन बुरा मत मानना भाईजान- साफ़ नीअ़त वालों पर तो अल्लातआला की रहमत ख़ास तौर से बरसती है“ इतना कहकर खिलखिला कर हंस पड़े बशीर  मियां ।”वाह री जि़ंदादिली, इसे कहते हैं विश्वास! हे ईष्वर मेरी उम्र इस बशीर मियां को लग जाए“ मन ही मन दुआ करता हुआ आंखों में आंसू छिपाए वह व्यक्ति तेज़ कदमों से आगे बढ़ गया ।
                       एक रात, बशीर  मियां को चेतक की अजीब हरकतें सोने नहीं दे रही थीं । बशीर मियां बिस्तर से उठे । चांदनी रात है । आधी से ज़्यादा गुज़र चुकी है चेतक सो नहीं रहा है, बेचैन है । कभी हिनहिनाता है, कभी पैरों से धरती पर टाप लगाता है । देखकर, दिल भर आया बशीर  मियां का । चेतक के पास आए ।उसके चेहरे पर, फिर पीठ पर हाथ फेरने लगे । चेतक के कान के पास मुंह ले गये ।उनका गला रूंध गया । बड़ी कोशीश के बाद शब्द निकल रहे थे -”क्यों नहीं सो रहा है मेरे भाई, बोल क्या तकलीफ़ है -देख ये जो बशीर  मियां है न, तेरा मालिक नहीं है, ये तो तेरी मुहब्बत का ग़ुलाम है पगले“ -इतना ही कह पाए और फफक फफक कर रो पड़े बशीर मियां ।
   चेतक शांत भाव से खड़ा था । बशीर  मियां ने देखा चेतक की आंख से ढुलक कर एक आंसू उनकी हथेली पर आ गया, चांदनी रात में जैसे समुंदर ने किसी सीप से सफेद मोती मांगकर उनकी हथेली पर रख दिया हो । चेतक की आँख से टपके उस मोती को यूं निहारने लगे बशीर मियां जैसे कायनात की किसी बेषक़ीमती शय के दीदार के लिये रूह मचल उठी हो । टप से बशीर मियां की आंख से भी एक मोती ढला और हथेली पर रखे मोती में समा गया । जि़ंदगी के फलसफे को गहराई से समझने वाले दो महान देहधारियों की लंबी गुफ़्तगू थी उस रात, जिसमें एक लफ़्ज़ के लिये भी कोई गुंजाइस नहीं थी । आत्मा के तल पर अल्प समय का मौन भी सदियों की वार्ता  से अधिक अर्थपूर्ण होता है।
      सुबह हुयी । बशीर मियां ने तमाम तांगेवानों की मीटिंग बुलाई । सभी तांगेवान उनकी एक आवाज़ पर इकट्ठे हो गये । बशीर  मियां आंखें बंद किये बैठे रहे । सब सोच रहे थे कि क्या कहने वाले हैं बशीर मियां । बिना किसी की तरफ़ देखे आंखें बंद किये ही बशीर मियां बोले-”मेरे भाइयो तुम्हें अचछी तरह मअ़लूम है कि बशीर मियां के लिये लिये तुम्हारे घोड़े भी चेतक की तरह ही प्यारे हैं- आज तुम्हारा ये बशीर मियां इतना ही कहना चाहता है कि सच्ची मुहब्बत करने वाले इन बेज़ुबान साथियों की जि़न्दगी भर की वफ़ादारी को पीठ दिखा कर हम मशीनों की जानिब़ मुंह कर लेंगे तो क्या अल्लाह खु़श होगा ?“ बस एक सवाल उछाला था बशीर  मियां ने और मीटिंग ख़त्म कर दी थी ।
    एक सच्चे और जि़ंदादिल इंसान की मुख़्तसर सी बात का भी कितना बड़ा असर होता है,यह उस रोज़ दिखायी दिया था। तमाम तांगेवानों ने क़सम ली कि घोड़े बेचकर ऑटो रिक्शा नहीं खरीदेंगे । देखते ही देखते बशीर मियां की सरपरस्ती में तांगेवानों का एक बड़ा संगठन तैयार हो गया, जिसकी मांगों के सामने झुकते हुए शासन के द्वारा कुछ रास्ते सिर्फ़ तांगों के लिये मुक़र्रर कर दिये गये ।
  बशीर  मियां तो, एक मुद्दत हुयी अल्लाह को प्यारे हो गये, लेकिन उनके द्वारा तांगों के लिये मुकर्रर कराये गये रास्तों पर आज भी सैकड़ों तांगे हिचकोले खाते हुए चलते हैं , सवारियों से भरे और एक उत्सव का सा वातावरण निर्मित करते हुए । तांगेवानों की रोज़ीरोटी मज़े से चलती है और घोड़ों को भी भरपूर आबोदाना मिलता है । कभी हमारे शहर आएं तो तांगे की सवारी ज़रूर करिएगा और हां तांगेवान से बशीर मियां का जि़क्र करना न भूलिएगा- वह आपको एक ऐसे इंसान की कहानी सुनाएगा, जिस पर खुद इंसानियत फ़क्र कर सकती है ।

Monday, 19 December 2011

श्री प्रकाश चन्द्र सेठ जी ........


मित्रों कितना अच्छा लगता है न गाँव की भाषा में बात करना, है न | तो आज आपको मिलाता हूँ शिवपुरी के एक ग्रामीण साहित्यकार से जिन्होंने आंचलिक भाषा का प्रयोग कर कविता को माटी की सुगंध दी है| प्रकाश चन्द्र सेठ जी ने व्यंग्य और वीर रस की रचनाओं ने सचमुच ही लोगो को सोचने और जागने पर मजबूर कर दिया है| मित्रों प्रकाश चन्द्र सेठ जी केवल व्यंग्य और वीर रस की रचनाएं नहीं लिखते, ये आध्यात्म पर भी काव्य लिखते है| साथ ही साथ प्रकाश जी की शैली सीधे ही मन पर गहरा प्रभाव छोड़तीं है| आपकी रचनाएं समय समय पर पत्र पत्रिकाओं में प्रकाशित होती रहती है| आपकी एक कृति ‘सूक्ष्म और विस्तार’ प्रकाशित हो चुकी है तथा कुछ प्रकाशाधीन है |
तो आइये माटी की सुगंध मन में उतारते है .........

१.ढाक के तीन पात्र.......
जहॉ कौई न किसी की सुनता सभी बोले जा रहे थे।
देखो वो श्वानो की तरह, आपस में चिथे जा रहे थे।।
कई धर्म निरपेक्षता का व्याख्यान ठोके जा रहे थे।
कई साम्प्रदायिकता को रह - रह कर कौसे जा रहे थे।।
जिनका स्वांग देखकर शर्म भी शर्मा जाये।
कर्तव्यों की तरफ से हर कोई बौराता जाये।।
फिर भी स्वयं को लाजवाव कह रहे थे।
सब अपने को गुदडी का लाल कह रहे थे।।
एक मुददे पर सभी में सामन्जस्य बेमिशाला था।
धन सुविधाओं का जब भी बिल आता था।।
उसका अभिनन्दन सभी एक स्वर में करते थें।
गिरगिट से भी जल्द अधोगामी अंक बदलते थे।।
कुछ देर पहले जो एक दूसरे को फूटी ऑख न सुहाते थे।
अपने - अपने आख्यानो पर हर दम जो खडे जो जाते थे।
एकता देखने लायक होती थी, आगे बढने की बातें होती थी।
बिल पास होते ही सभी फिर पुराने कामो पर लौट आते थे।।
फिर बिना नाथ के साडों की तरह आपस में भिड जाते थे।
आगे बढने के सद्भाव के सभी मार्ग फिर मिट जाते थे।
अधर्म का आधार कच्चे घडे की तरह स्वतः टूट जाते है।
ढाक के तीन पात्र साम्प्रदायिक, धर्म निरपेक्ष, खामोश हो जाते थे।।

२.फैसला.....
मृत्यूलोक से दो जीव आत्माये, यमदूत ले जा रहे थे।
एक जन नायक जी की थी, दूसरी किसी धर्मप्रेमी की थी।
चित्रगुप्त जी ने देखते ही, दोनो का आदर सत्कार किया।
फिर वही खाता खोल अपना निर्णय सुना दिया।
जन नायक जी को ससम्मान बैकुण्ठ में पहुॅचा दो।
ओर दूसरे धर्म प्रेमी को नरक में अविलम्ब डलवा दो।
जन नायक अपना फैसला सुनते ही, वाय वाय करते चले गये।
धर्मप्रेमी सुनते ही विचित्र निर्णय , चित्रगुप्त जी से उलझ गये।
अब तक जो धीरज था, वह सुन फैसला डोल गया।
जो जीवन भर कुछ न बोला था, वह मुख खोल गया।
प्रभू नरक का न मुझे कुछ रोष है, फैसले में जरूर दोष है।
जीवन भर जिनने लूटा उनके साथ यह कैसा सलूक है।
जीवन भर मैने धर्म का चिंतन मनन किया फिर क्या कसूर है।
हम तुम्हारी पीडा को समझ गये, विधि नियम यहॉ के उलट गये।
वहॉ की तरह यहॉ न निर्णय लेते है, सत्य के मध्य में चिंतन कर देते है।
न्याय बाटॉ नहीं जाता है, सम्पूर्ण भूतों को तराजू पर तौल दिया जाता है।
फैसला प्रसव पीडा की तरह होता है, वर्तमान में शुभाशुभ प्रग्ट्य होता है।
नीति युक्त न्याय होतो भविष्य सदा मंगलकारी रहता है।
मृत्यूलोक मोक्ष का द्वावारा है, नर जीवन वहॉ व्यर्थ गॅवारा है।
नर सेवा क्यों बोझ समझते रहे, खुद को क्यों बहुत समझते रहे।
जिन्में घलने चाहिये थे हर घडी जूतें, उन्हे आपने हर गली पूजे।
दृढ इच्छा शक्ति का अभाव जीवन भर पाले रहे, काकौं को मोती खिलाते रहे।
जीवन भर बुत बन बुतो के गले में हार डाले, दोष विधि विधान में आके काढे।
सुनके अपने दोष धर्म प्रेमी घवराये फिर नायक जी कैसे बैकुण्ठ में आये।
भक्तो की यह सुकृति ले आते है, उसी से बैकुण्ठ को जाते है।
भक्त होता भगवान से बडा बस यही सवाल नया विधि में जुडा।
हरि भक्तो का रखवाला है, इस नियम ने ‘‘फैसला‘‘ बदल डाला है।
अब भक्त जिनको पूजेगे, उनके लिये बैकुण्ठ के द्वार खुलै मिलेगे।।

३.हलचल....
कहते है हमे स्वतंत्रता मिली है, प्यारे ये गुलामो से बदतर जिंदगी है।
एक जन आंदोलन करके देख लो फिर इनके सितम ये जुल्म देख लो।
वर्तमान को इतिहास बना देगे, उन सेकडो सालो के गुलामी के दौर को।
अमानवीयता का नया रिकार्ड बना देगे, उत्पीडन के इस दौर को।
किसकी आस में बैठे हो उम्मीद से दामन खीच बैठे हो।
चन्द्र कदम बढा कर तू आगे तो चल, फिर स्वयं देख ले हलचल।
स्वतंत्रता की लडाई लडी थी जो सैनानीयों ने समानता के लिऐ।
अब जिधर देखों समानता खो गई है, स्वतंत्रता चंद लोगो की चेरी हो गयी है।
आज यह स्थिति बन गई है, सौ करोड पर सौ घर की सत्ता हो गयी है।
हर पद विष वमन कर रहा है, वर्तमान कर्तव्यो पर सयंम बरत रहा है।
किसकी आस में बैठे हो उम्मीद से दामन खीच बैठे हो।
चन्द्र कदम बढा कर तू आगे तो चल, फिर स्वयं देख ले हलचल।
परतंत्रता के उस दौर में न था, सैकडो साल बाद भी इतना जन आक्रोश।
स्वतंत्रता का अंकुरित बीज अंकुरत होते ही मुरझाने सा लगा है।
मानव - मानव से टकराने लगा है, गणतंत्र पर तंत्र बोराने लगा है।
यह स्थिति राष्ट्र व नागरिको के लिऐ न अच्छी है, पर बात तो सच्ची है।
किसकी आस में बैठे हो उम्मीद से दामन खीच बैठे हो।
चन्द्र कदम बढा कर तू आगे तो चल, फिर स्वयं देख ले हलचल।
आओ एक और लडाई सब हिल - मिल कर समानता के लिए अमल होकर लडो।
स्वंतत्रता सैनानियों के चरणों में कुछ जीवन सुमन अर्पित कर लो।
भूत से प्रेरणा लेकर जो वर्तमान में संतुलन बनाते है।
भविष्य में एक मात्र वही पहचाने जाते है, शेष भूत बन जाते है।
किसकी आस में बैठे हो उम्मीद से दामन खीच बैठे हो।
चन्द्र कदम बढा कर तू आगे तो चल, फिर स्वयं देख ले हलचल।

Tuesday, 13 December 2011

श्री विध्यानंदन राजीव........


मित्रों आज आप मिल रहें है शिवपुरी के एक ऐसे वरिष्ट साहित्यकार से जिसने शिवपुरी  साहित्य को नये आयाम दिये है| श्री विध्यानंदन राजीव जी ने एम.ए.(हिंदी) में स्वर्ण पदक अर्जित किया है प्राध्यापक रहते हुये वे हिंदी विभाग के अध्यक्ष भी रहे है| आप नई दुनियाँ, पत्रिका तथा नई ग़ज़ल में पुस्तक समीक्षा तथा लेखन करते रहते है| साथ ही साथ  आकाशवाणी तथा दूरदर्शन के अनेक साहित्यिक कार्याक्रमों के लिए अनुबंधित हैं एवं  निराला जी पर केन्द्रित ‘संकल्प रथ’ के अतिथि संपादक के रूप में भी कार्य कर चुके हैं | छिझता आकाश, हिरण खोजें जल, पंख्धान(नवगीत संग्रह), शीशदान तथा सोनल-प्रभात(खण्डकाव्य) आपकी प्रकाशित पुस्तकें है| आप अभी भी कई विश्वविध्यालयों में शोधकार्य कर रहें है| 

तो दोस्तों प्रस्तुत है श्री विध्यानंदन राजीव की कुछ रचनाएं ....

१.संचालित होंगे यों कब तक.....
संचालित होंगे यों कब तक
अन्य किसी से
अपना संचालन खुद करिये!
दोनों पैर सलामत हैं जब
फिर क्यों, ले चलते बैसाखी
ऊर्जा भरी जवानी दी है
बड़ी कृपा यह परमपिता की,
यही समय है, जब कि
किसी, गिरते-पड़ते का
बनें सहारा
इतने श्रेष्ठ कर्म का अवसर
मिलता नहीं बंधु, दोबारा,
टूट रही जो सांसें, उनकी
आशीषों से झोली भरिये!
कितना है असहाय आदमी
धूं-धूं जले उदर में ज्वाला
जिसे बुझा लेने की खातिर
नहीं मयस्सर एक निवाला,
कुछ ऐसे, जिनके घट छलके
कुछ के रहे सदा ही रीते
नहीं किसी ने आकर पूछा
सखे, कहो दिन कैसे बीते,
आंसू की नदिया जो बहती
आकर इस के घाट उतरिये
अपना संचालन खुद करिये!


२.साथ आये....
साथ आये
रूप-रसमय, गंधभीने दिन
      तुम्हारे साथ आये!
      एक पल में
      गहनतम अवसाद के
      साये धुले
      एक युग से
      प्रगति के जो
      बंद दरवाजे खुले,
साथ आये
दूध की सरिता नहाये दिन
      तुम्हारे साथ आये!
      कल्पना का लोक
      नूतन बीथियां
      गढ़ने लगा
      भावना का सूर्य
      पर्वत के शिखर
      चढ़ने लगा,
साथ आये
सिद्धियों की पालकी
      सिर पर उठाये दिन
      तुम्हारे साथ आये!
           
     
३.प्राची के पट खुले....
प्राची के पट खुले
तुम्हें आकाश टेरता
      चलो पखेरू, भरो उड़ानें!
तन-मन में
आलस्य पिरोती
अब वह रात नहीं
गहरा तमस कि
राह न सूझे
ऐसी बात नहीं,
छोर गगन के धुले
मृदुल आलोक तैरता
      अब वीणा पर छेड़ो तानें!
लिये अडिग संकल्प
उड़ो, नभ चूम रहे
शिखरों को छूलो,
निर्भय होकर, मेघों के
आंगन में पड़े
हिंडोले झूलो,
हवा ठुमकती चली
भ्रमर करता अठखेली
खोलो, भीतर कुंठा की
जो पड़ीं गठानें
चलो, पखेरू, भरो उड़ानें!

Wednesday, 7 December 2011

डॉ. मुकेश कुमार अनुरागी

दोस्तों इस बार शिवपुरी की धरती से आपका परिचय कराने जा रहे है डॉ. मुकेश कुमार अनुरागी | अनुरागी जी हिंदी की काव्य विधाओं में विशेष योग्यता रखते है| शिवपुरी के कन्या महाविद्यालय में लेब टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत अनुरागी जी के पास ना जाने कौन सा अम्ल है, जिसके डालते ही रचनाओं में जान आ जाती है| आप कवित्त, घनाक्षरी एवं सवैया पर अपनी अनूठी पकड़ के लिए जाने जाते है| आप की पुस्तक ‘सुर बांसुरी के’ में कृष्ण भक्ति के रंग के साथ साथ सामाजिक समवेदाओं का अनूठा संगम है| आपकी रचनाएं अखबारों में नियमित प्रकाशित होती रहती है| तो आइये अनुरागी जी की बांसुरी की अनुगूँज सुन कर देखते है ...


१.       कारे मतवारे स्याम मन में बसे थे कल
कारे मतवारे  श्याम  मन में बसे थे कल,
किन्तु आज  बस ‘श्याम’ रंग रहा मन में|

मुरली की धुन थी जो,कदम्ब की गुंजन में,
और आज करील  की झाड़ियां है वन में ||

रास को रचाते थे और मन अपनाते थे वे,
किन्तु  आज मन से निकल फँसे तन  में|

युद्ध  नित्य हो रहा है, हर  क्षण, हर  पल,
किन्तु बिन पार्थ, कान्ह आते नहीं रण में||

२.      सत्ता की मलाई, आज सबको है भाई
सत्ता   की   मलाई,   आज सबको है  भाई,
चाट चाट  के है खाई, उन्हें बढ़ती खुमारी है|

हाथ  ले  त्रिशूल,   फूल कहीं है कटार धार,
कहीं  साइकल, कहीं  हाथी  की सवारी है ||

यू.पी. या तमिल चाहे पश्चिम बंगाल, दिल्ली,
कहीं  पे कुं आरा  बैठा, कहीं  पे कुंआरी है|

जिनने  चलाया नहीं  घर  द्वार  कभी  मित्र,
आज  वही  देश  को  चलावें  बलिहारी है ||

३.      कलम की मार, तेज होती तलवार धार
कलम  की मार, तेज होती तलवार धार,
कलम से मरता  जो उठ नहीं पाता है |

कलम की शान, फूंके मुरदों में जान-प्राण
चेतना के गीत सुन देश जग जाता है ||

आये झंझावात, चाहे कुरसी की होवे घात,
झुकती  नहीं  कलम, न खरीद पाता है |

ऐसे ही कलम और ऐसे ही कलमकार को,
ये  सारा देश सिर  आँख पर बैठता है ||

४.     बजी ‘रिंग टोन’ पूछा हैलो आप कौन मित्र
बजी  ‘रिंग टोन’  पूछा हैलो आप  कौन मित्र,
बिना देखे चित्र, सारा  तन- मन डोल गया ||

देख  फोन  बार- बार, डायल  किया था यार,
सुनाई  दे बार- बार, ऐसी  बानी बोल गया ||

‘रिंग  टोन’ से  जो शुरू  हुई थी कहानी दोस्त,
उंगली की रिंग का वो नाप ले के तौल गया ||

आया  जब  से  मोबाईल, बदली  हुई स्टाइल,
चलता रहा था सीधा,  अब गो ल गोल गया ||

Thursday, 1 December 2011

श्री विनय प्रकाश जैन ‘नीरव’


दोस्तों, अभी तक आपने शिवपुरी के शायरों को पड़ा | आज हम एक नव गीतकार की कुछ रचनाएं लेकर आये है | आज के हमारे कवी है श्री विनय प्रकाश जैन ‘नीरव’*| श्री नीरव जी की शिक्षक है एक ऐसे कवी भी है जो नव गीतों के माध्यम से समाज की कुरीतियों और दुर्वलताओ को दूर करने का कार्य भी करते है | आप बड़ी ही सरल एवम स्पष्ट भाषा में नव गीत लिखते है| आपके अनेक गीतों का संपादन समय समय पर पत्रिकाओं में होता रहता है | आकाशवाणी पर आप नियमित रूप से सक्रिए रहते है|  
तो दोस्तों प्रस्तुत है श्री विनय प्रकाश जैन ‘नीरव’ की कुछ रचनाये...
१.हुआ मन....
चिलचिलाती धूप में
कुछ छांव बुनने का
हुआ मन.
चार दीवालें उठाकर
ढूंढ़ते हैं छत
जुगाड़ों में.
गिनतियों में लाभ  था
और हानि थी शायद
पहाड़ों में.
छोड़ निर्मोही शहर को
झोंपड़ी में गीत सुनने का
हुआ मन.
आगत-विगत की
उलझनों में तोड़ता
दम आज है
अब अंधेरों से
लड़ेगा दीप कैसे
तेल का मोहताज है
अर्थ खो बैठी भले ही
वह पुरानी रीत चुनने का
हुआ मन.
जि़न्दगी का अर्थ तो
बन ही न पाई
किताबी ज्ञान की भाषा
सुबह ने उकेरी रेत पर जो
सांझ ने बिलकुल उलटदी
वही परिभाषा
नित नई व्याख्या धरम की
अब स्वयं ही नीति गुनने का
हुआ मन.


२.कटते हुये दिन....
तीज-त्यौहार से
कटते हुये
दिन
बंद आंखें
लोग अंधी दौड़
में शामिल
प्रश्न शूलों से बिंधे
अब कौन
खोजे हल
घर गृहस्थी, हर घड़ी
खटते हुये
दिन
सांस घुटती
दफ्तरों में
फाइलों की गंध
मजबूरियों से
हो गये यूं
ढेर से अनुबंध
किश्त-दर-किश्त उम्र से
घटते हुये
दिन
संबंध रिश्ते
एक उलझे जाल में
फंसता हुआ मन
चिपकी हुई मुस्कान
चेहरों पर नहीं है
शेष अपनापन
व्यर्थ  के इन छलावों में
बढ़ते हुये
दिन.


३.यात्रा कितनी कठिन है....
दूर होती मंजि़लें
यात्रा कितनी कठिन है
इन दिनों
मज़बूरियों से
लड़ रहे हैं लोग
गढ़ता आंख में सपना
हर खुशी
एक हादसा
त्यौहार दुर्घटना
पपड़ायें हुये हैं होंठ
माथे पर शिकुन है
इन दिनों
हाथ उठते भीड़ में
कुछ तालियां हैं
और कुछ नारे
बाकी सभी बुत की तरह
बैठे हुये हैं
थके-हारे
चिन्ह शुभ भी
अपशकुन हैं
इन दिनों
अतिक्रमण पानी हवा पर
क्या हुआ है
गांव में
अब न पहले से
थिरकते धूप के घुंघरू
किरण के पांव में
खलिहान में लपटें
मेड़ पर पसरा रूदन है
इन दिनों

Sunday, 20 November 2011

अरुण अपेक्षित (अरुण कुमार सक्सैना)

दोस्तों इस बार के हमारे साहित्यकार है अरुण अपेक्षित जी| अरुण कुमार सक्सैना जी गायन, अभिनय, संचालन एवं संभाषण की विशेष योग्यता रखते है| आप शिवपुरी की  साहित्य और सामजिक गतविधियों में सदैव अग्रणी रहते है | आकाशवाणी शिवपुरी में आप अनुबंधित मान्यता प्राप्त गीतकार तो है ही, साथ ही साथ शासकीय कला पथक दल शिवपुरी के सदस्य भी है एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में भी आप देल्ली प्रेस तथा पंचायत शिवपुरी में मीडिया प्रभारी के रूप में कार्यरत है| आपने शिवपुरी का सम्पूर्ण इतहास अपनी पुस्तक ‘शिवपुरी अतीत से आज तक’ में दर्शाया है| आपके द्वारा लिखित खंड काव्य ‘सरहदी सिंदूर’(१९७५) तथा गीत नाटिका ‘लोक नायक हरदौल’(१९८४) भी बहुत प्रसिद्द है| आपके गीतों के संकलन ‘प्रयोजन’ तथा ‘असमय अस्त हो गया सूरज’ भी प्रकाशित हो चुके है एवं कई कुछ अन्य अभी प्रकशानिधीन है |

तो दोस्तों आइये हम भी पड़ते है इस लेखक को ......
१. पहली बार तो मरी नहीं है मेरी माँ....
पहली बार तो मरी नहीं है मेरी माँ,
मृत्यु से तो डरी नहीं है मेरी माँ |

आँसू बन कर छलक पड़ी थी कभी अभी,
गगरी दु:ख की भरी नहीं है मेरी माँ |

कष्टों की ज्वाला में तप कर कुंदन है,
कैसे कह दूं खरी नहीं है मेरी माँ |

उगे नहीं पर मन में काँटे गड़े रहे,
खिली रही पर झरी नहीं है मेरी माँ |

जीवन भर संधर्ष किया विपदाओं से,
सुख की तो सहचरी नहीं है मेरी माँ |

सुन्दर है, वह अंतर मन से सुंदर है,
कोई रूपसी परी नहीं है मेरी माँ |

२.चम्बल ..
कामधेनु की बढ़ी लाढली माता चम्बल,
तू अपने जल से देती है सबको सम्बल |

भरत और दुष्यंत वंश के महाप्रतापी,
रन्तिदेव के पुण्यों का ही तू है प्रतिफल |

बलिदानी गायों के चमडों से जन्मी जो,
बह निकली थी कभी रक्त की धारा चंचंल |

इसके जल में स्वाभिमान की लहरें उठती,
बागी शेर पालते इसके बीहड़ जंगल |

काली-सिंध, पार्वती, क्षिप्रा आत्मसात कर लेती,
और स्वयं यमुना में मिलती करती कल कल |

३.रे माधव, ऐसी मुक्ति तुम्हारी ..
रे माधव,
ऐसी मुक्ति तुम्हारी,
मृत्यु बनी शिकारी |

रिश्तों ने तोड़ी मर्यादा,
लड़ने लगा प्यादे से प्यादा,
राजा कहीं, बजीर कही हैं,
दुखी है इंसा सीधा साधा,
काट रही है एक दूजे को
तेज स्वार्थ की आरी |

छाई है हर ओर निराशा,
जाग रही है रक्त पिपशा,
लाशों के अम्बार लगे हैं,
पशु आदमी अच्छा खासा,
जरा जरा से स्वार्थ समेटे,
लड़ने की तैयारी |

४.असमय अस्त हो गया सूरज.....
असमय अस्त हो गया सूरज,
जाने कहाँ खो गया सूरज |

अनहोनी ये हुई सदा को,
गहरी नींद सो गया सूरज |

फूलों के चहरे मुरझाए,
गहरा दर्द बो गया सूरज |

भरी दुपहरी, भरे गले से,
सब ने कहा लो गया सूरज |

उदयाचल से अस्ताचल तक.
कितने दृश्य पो गया सूरज |

अरुण आँख से ओझल होकर,
परम-प्रकाश हो गया सूरज |